अतिक्रमणमुक्त होंगे इंदौर के प्रमुख मार्ग, पुल-पुलियों के नीचे विकसित होंगे जनोपयोगी स्थल
महापौर की समीक्षा बैठक में यातायात और उद्यान विभाग को सख्त निर्देश

अतिक्रमणमुक्त होंगे इंदौर के प्रमुख मार्ग, पुल-पुलियों के नीचे विकसित होंगे जनोपयोगी स्थल
महापौर की समीक्षा बैठक में यातायात और उद्यान विभाग को सख्त निर्देश
इंदौर, शहर की यातायात व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और हरित विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय में यातायात एवं उद्यान विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों के फुटपाथों को अतिक्रमणमुक्त कर उन्हें “आदर्श मार्ग” के रूप में विकसित करने, पुल-पुलियों के नीचे स्थित बोगदों के सुव्यवस्थित उपयोग के लिए नीति बनाने तथा शहरभर में सौंदर्यीकरण कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट से बड़ा गणपति, बड़ा गणपति से एमजी रोड होते हुए पलासिया तक और बंगाली चौराहा से तिलक नगर चौराहा तक के मार्गों पर फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए यातायात विभाग एवं रिमूव्हल विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे। इन मार्गों को पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में शहर के मार्गों, चौराहों, पुलों एवं उद्यानों के नामकरण के बाद सूचना बोर्ड शीघ्र लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन संस्थाओं को डिवाइडर, मीडियन, रोटरी एवं उद्यान गोद दिए गए हैं, वहां पेंटिंग और सौंदर्यीकरण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने को कहा गया। बिना अनुमति लगाए गए बोर्डों और होर्डिंग्स पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
महापौर ने मधुमिलन चौराहे के सौंदर्यीकरण एवं विकास की योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही पुल-पुलियों के नीचे स्थित बोगदों में खेल गतिविधियां, बैठक स्थल और अन्य जनोपयोगी सुविधाएं विकसित करने के लिए एक समग्र नीति और कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
यातायात विभाग की समीक्षा में अवैध पार्किंग, संकेतक बोर्ड, जेंट्री गेट, डिवाइडर पेंटिंग और प्रगतिरत सिविल कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई, जबकि उद्यान विभाग की समीक्षा में यूरेशिया गार्डन, सिटी फॉरेस्ट, ग्रीन बेल्ट, नर्सरियों की क्षमता, योग शेड एवं ओपन जिम से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विस्तार से मंथन किया गया।
महापौर ने कहा कि यातायात व्यवस्था को मजबूत करने, हरित क्षेत्र बढ़ाने और शहर को अतिक्रमणमुक्त व सुंदर बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और इंदौर की पहचान एक सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ शहर के रूप में और मजबूत हो।




