कॉन्वेंट विद्यालय की समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने सौंपा ज्ञापन
प्राचार्य ने शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

कॉन्वेंट विद्यालय की समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने सौंपा ज्ञापन
प्राचार्य ने शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
MP दर्पण न्यूज़ के लिए नेपानगर से संवाददाता कुणाल दशोरे की रिपोर्ट
नेपानगर।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ब्रह्मपुर प्रांत के अंतर्गत नेपानगर इकाई द्वारा नगर स्थित कॉन्वेंट विद्यालय में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर विद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर टीना से भेंट कर विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से विद्यालय परिसर में महापुरुषों की तस्वीरें लगाए जाने एवं उनके सम्मान को सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं होता, बल्कि विद्यार्थियों के नैतिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय मूल्यों के निर्माण की महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाता है। ऐसे में देश के महापुरुषों की तस्वीरें और उनके विचार विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करते हैं।
परिषद ने आग्रह किया कि विद्यालय परिसर में महापुरुषों की तस्वीरें सम्मानपूर्वक लगाई जाएँ, जिससे विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों का विकास हो सके।
ज्ञापन सौंपे जाने के बाद विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर टीना ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि उठाई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रशासन उचित निर्णय लेगा।
इस अवसर पर एबीवीपी नगर मंत्री कुशल वर्मा सहित परिषद के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट किया कि वह विद्यार्थियों के हितों और शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।




