आगाज़’ खेल महोत्सव का भव्य समापन: गरुड़ फाउंडेशन ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
आगाज़' खेल महोत्सव का भव्य समापन: गरुड़ फाउंडेशन ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

आगाज़’ खेल महोत्सव का भव्य समापन: गरुड़ फाउंडेशन ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
चिचोली :- खेल केवल हार-जीत का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन और टीम भावना सीखने की पाठशाला है। इसी उद्देश्य के साथ गरुड़ फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘आगाज़ इंटरस्कूल स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025-26’ का पुरस्कार वितरण समारोह स्थानीय खेल मैदान पर हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस खेल महाकुंभ में क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित स्कूलों के खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बी.ई.ओ. ज्वाला प्रसाद प्रजापति , चिचोली टी.आई. हरिओम् पटेल प्राचार्य एस.आर. माली ब्लॉक खेल समन्वयक अनार कली तुमड़ाम , उद्यानिकी अधीक्षक नागेंद्र सरणकर मौजुद कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक जय प्रकाश आर्य, महर्षि पटेल, श्री ईश्वर दत्त माचीवार , पुरुषोत्तम सोनी एवं रविकिशोर सरोने भी मौजूद रहे। खेल संचालन में पी.टी.आई.विजया गहलोत का विशेष योगदान रहा।
विजेता स्कूलों ने लहराया परचम
प्रतियोगिता में शारदा पब्लिक स्कूल, स्वामी विवेकानंद स्कूल, जे.एस. पब्लिक स्कूल, राजीव गांधी स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, खो-खो, शतरंज और कबड्डी जैसे खेलों में दमखम दिखाया।
मुख्य अतिथियों ने विजेता , उपविजेता एवं प्रतिभागी टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। बी.ई.ओ. प्रजापति सर ने अपने संबोधन में गरुड़ फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच मिलता है। वहीं, टी.आई. पटेल सर ने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
सामाजिक सरोकार: सफाई कर्मियों का सम्मान
कार्यक्रम का सबसे भावुक और सराहनीय क्षण वह था जब गरुड़ फाउंडेशन ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए चिचोली के सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। अतिथियों द्वारा उन्हें शॉल और लक्ष्मी तरु (Laxmi Taru) का पौधा भेंट कर उनके निस्वार्थ सेवा कार्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। फाउंडेशन के इस कदम की उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में गरुड़ फाउंडेशन के संयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। समापन की घोषणा के साथ ही खिलाड़ियों ने अगले वर्ष पुनः मिलने के संकल्प के साथ विदा ली।
