अगले शैक्षणिक सत्र से प्रायवेट स्कूल के विद्यार्थियों को भी मिलेंगी सस्ती कीमत पर किताबेें – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री ने की आशापुर-हरदा मार्ग निर्माण की घोषणा

अगले शैक्षणिक सत्र से प्रायवेट स्कूल के विद्यार्थियों को भी मिलेंगी सस्ती कीमत पर किताबेें – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री ने की आशापुर-हरदा मार्ग निर्माण की घोषणा
मांदला मुहाल रोड़ के पुल पर मार्ग का चौड़ीकरण होगा
आरटीई के तहत निजी स्कूलों में प्रवेशित 8 लाख 45 हजार विद्यार्थियों की 489 करोड़ रूपये फीस की सिंगल क्लिक में प्रतिपूर्ति की
हरदा से ब्यूरो चीफ गोपाल शुक्ला
हरदा 29 सितंबर 2025/ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के निजी स्कूलों में पढ़ने वाले हर चौथे बच्चे को शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत स्कूल फीस की प्रतिपूर्ति की जा रही है। यह राशि उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिये फिक्स डिपॉजिट के रूप में काम करेगी। उन्होने कहा कि विद्यार्थियों से अपेक्षा है कि वे बेहतर अध्ययन कर अपने उन्नत भविष्य को गढ़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि भावान्तर योजना से किसानों को उनकी सोयाबीन फसल का पूरा दाम मिलेगा। अब किसी किसान को सोयाबीन बेचने में नुकसान नहीं होगा। उन्होने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से निजी स्कूल के विद्यार्थियों को कम कीमत पर किताबें उपलब्ध कराई जाएगी। डॉ. यादव ने सोमवार को जिले के खिरकिया के एक निजी स्कूल सीयोन रे में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में आरटीई के तहत प्रदेश के निजी स्कूलों में प्रवेशित 8 लाख 45 हजार बच्चों की सिंगल क्लिक में 489 करोड़ की राशि अंतरित की। इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके, प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन विभाग मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेंद्र शाह, विधायक हरदा डॉ. आर.के. दोगने, पूर्व मंत्री श्री कमल पटेल, पूर्व विधायक टिमरनी श्री संजय शाह, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री राजेश वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गहलोत सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की फीस की प्रतिपूर्ति के साथ-साथ सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिये भी कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिसमें लेपटॉप, स्कूटी, साइकिल एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें जैसी सुविधाएं शामिल है। उन्होने कहा कि देश के साथ प्रदेश भी तेज गति से आगे बढ़ रहा है। हम लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1250 रूपये प्रतिमाह की राशि देकर उनका सम्मान कर रहे हैं। भावांतर योजना के तहत किसानों को सोयाबीन फसल का सही दाम मिले, इसके लिये अंतर की राशि उनके बैंक खातों में कराने की व्यवस्था की गई है। एयर एम्बुलेंस की सुविधा से प्रदेश में आयुष्मान कार्ड धारी हितग्राहियों को घायल व बीमार होने की दशा में तत्काल हवाई जहाज अथवा हेलीकॉप्टर से उपचार हेतु बड़े अस्पताल में ले जाने की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 71 कि.मी. लम्बे आशापुर-हरदा मार्ग निर्माण एवं मांदला मुहाल रोड़ के पुल पर मार्ग चौड़ीकरण कराने की भी घोषणा की है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्य मंत्री जनजातीय कार्य विभाग श्री डी.डी. उइके ने कहा कि आरटीई के तहत सिंगल क्लिक में फीस की प्रतिपूर्ति सरकार की नई सोच एवं नई व्यवस्था है। इससे छात्र-छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा तो होगी ही साथ ही निजी स्कूल भी सुगमता से बच्चों को शिक्षा प्रदान कर सकेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार नई शिक्षा नीति का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन करने की सोच के साथ शिक्षा के क्षेत्र में विकास का कार्य कर रही है। शिक्षा के अधिकार अधिनियम से अभिभावकों को अपने बच्चों को निजी स्कूल में पढ़ाने में आ रही आर्थिक परेशानी दूर की है। उन्होने कहा कि भावान्तर योजना किसानों के हित में सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के निजी स्कूलों में सस्ती दर पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर स्वागत भाषण देते हुए पूर्व कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने कहा कि हरदा जिला सिंचाई से लेकर पीने के पानी, सड़क एवं बिजली हर क्षेत्र में अग्रणी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हम हर क्षेत्र में विकास करने के लिये कटिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह ने आभार प्रकट किया।




