ब्यूटीपार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ
ब्यूटीपार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ

ब्यूटीपार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ
हरदा से ब्यूरो चीफ गोपाल शुक्ला
टिमरनी- भाऊ साहेब भुस्कुटे शासकीय महाविद्यालय टिमरनी में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत संचालित स्वरोजगारोन्मुखी ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम हुआ। यह प्रशिक्षण 60 घंटे का रहा, जो 30 दिनों तक चला। संपूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय प्राचार्य डॉक्टर जेके जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। प्रकोष्ठ सह प्रभारी डॉ दीपक मालाकार ने बताया कि संपूर्ण प्रशिक्षण दो भागों में विभाजित था जिसमें प्रथम चरण में स्वरोजगार स्थापित करने हेतु विभिन्न कौशल संबंधित व्याख्यान आयोजित किए गए एवं द्वितीय चरण में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें कुल 35 छात्राओं सहित 80 विद्यार्थियों ने लाभ प्राप्त किया। इसके बाद श्रीमती रजनी कुशवाहा ने छात्राओं को हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर, फेस मसाज, मेकअप तकनीक और नेल आर्ट जैसी विधाओं का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त कला को आत्मनिर्भरता और आजीविका का माध्यम बनाया जा सकता है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. जे. के. जैन के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि कौशलमूलक प्रशिक्षण आज की आवश्यकता है और यह छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर मार्ग प्रशस्त करता है। तत्पश्चात डॉ. सिकरवार ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्राओं को स्वरोजगार का मजबूत आधार प्रदान करती हैं। कार्यक्रम संयोजक सुश्री मीनाक्षी यादव ने कहा कि इस प्रशिक्षण से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ा है, वहीं प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. सुनील बौरासी ने इसे रोजगारोन्मुखी और व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।प्रशिक्षण से लाभान्वित छात्राओं अंशिता झिंझोरे एवं सायना खान ने अपने अनुभव साझा किए और कहा कि यह प्रशिक्षण उनके लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनीत काशिव ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. मनीषा राजपूत ने किया। इस प्रशिक्षण के सफल आयोजन में अभिषेक नागपुरे विजेंद्र गुर्जर श्रीमती शीला खले सहित संपूर्ण स्टाफ का भी विशेष सहयोग रहा।समापन अवसर पर यह निष्कर्ष निकला कि कौशल आधारित प्रशिक्षण छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार की दिशा में अग्रसर करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।




