
खड़गवां में स्वास्थ्य मंत्री ने दी साइबर सुरक्षा की सीख
लोगों से जागरूक रहने की अपील
एससीबीसी कैलाश ग्रीक रिपोर्ट
एमसीबी/खड़गवां। एकलव्य विधायक खड़गवां में साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद विद्यालय के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना दिया।
अपने उद्बोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि डिजिटल युग में जहां तकनीक ने जीवन को सरल बनाया है, वहीं साइबर अपराधों के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा की साइबर अपराधियों से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है। कोई भी संदिग्ध लिंक, अज्ञात कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें। अपने बैंक खाते, एटीएम पिन, ओटीपी जैसी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि कभी ठगी या धोखाधड़ी का शिकार हो जाएं तो तुरंत पुलिस या साइबर सेल को सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। मंत्री जी ने लोगों को 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि समय पर रिपोर्ट करने से ना केवल पैसे की रिकवरी की संभावना बढ़ती है बल्कि अपराधियों तक पहुंचना भी आसान होता है।
इस अवसर पर साइबर विशेषज्ञों ने भी फिशिंग, यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फेक वेबसाइट्स जैसी ठगी की नई-नई तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पासवर्ड हमेशा मजबूत बनाएं, समय-समय पर बदलें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया और सभी को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया।




