
नवागत पुलिस अधीक्षक महोदय के मार्गदर्शन में नशे के खिलाफ चिचोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
7.97 लाख की शराब एवं स्कॉर्पियो जब्त

बैतूल/चिचोली – नवागत पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चिचोली पुलिस ने आज (17 सितम्बर 2025) बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है।
थाना चिचोली को सूचना मिली थी कि दूधिया रोड, सेमलढाना ग्राम रतनपुर के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (क्र. एमपी 09 बीडी 1640) में अवैध शराब लेकर दो व्यक्ति जा रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक हरिओम पटेल के निर्देशन में सउनि धनसिंग सल्लाम हमराह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पुलिस को स्कॉर्पियो कार में 12 पेटियों में रखी ऑफिसर च्वाइस अंग्रेजी शराब (कुल 576 क्वार्टर, लगभग 103 लीटर) मिली। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी कार को कच्चे रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। मौके से स्कॉर्पियो और शराब जप्त कर ली गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 7,97,920 रुपये आंकी गई है।
फरार आरोपियों की पहचान दिलीप यादव निवासी चिचोलीढाना भैंसदेही और पंकज नरवरे निवासी मासदो थाना भैंसदेही के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरिओम पटेल, सउनि धनसिंग सल्लाम तथा प्रआर 239 मेजर मर्सकोले की सराहनीय भूमिका रही।




