शर्मनाक! सूरजपुर का एसडीएम दफ्तर परिसर बना शराबियों का अड्डा, प्रशासन बेखबर या बेपरवाह?
जगह जगह शराब की बोतलें पसरी।

शर्मनाक! सूरजपुर का एसडीएम दफ्तर बना शराबियों का अड्डा, प्रशासन बेखबर या बेपरवाह?
सूरजपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। जिस परिसर से पूरे जिले की कानून-व्यवस्था संचालित होती है, वही एसडीएम कार्यालय आज खुलेआम नशाखोरी का केंद्र बन चुका है।
यह कोई सुनसान इलाका नहीं, बल्कि वही परिसर है जहां महिला एवं बाल विकास जैसे अति संवेदनशील विभागों के दफ्तर संचालित हो रहे हैं। यही नहीं, कई शासकीय डॉक्टरों के सरकारी आवास भी इसी परिसर में स्थित हैं। इसके बावजूद हालात इतने बदतर हैं कि हर कोने में शराब की खाली बोतलें, बीड़ी-सिगरेट के टुकड़े और नशे के अन्य सामान बिखरे पड़े मिलते हैं।

सबसे बड़ा सवाल—क्या यहां कोई निगरानी नहीं? क्या जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं? या फिर सब कुछ जानते हुए भी चुप्पी साध ली गई है?
रात के अंधेरे में यह परिसर कथित तौर पर शराबियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन जाता है। सरकारी दफ्तर की दीवारें अब कानून का नहीं, लापरवाही और ढिलाई का आईना बन चुकी हैं।



जहां महिलाओं और बच्चों से जुड़े विभाग काम करते हों, वहां इस तरह का माहौल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। क्या किसी बड़ी घटना का इंतजार किया जा रहा है?
अगर एसडीएम कार्यालय जैसे संवेदनशील परिसर का यह हाल है, तो जिले के दूरदराज इलाकों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
अब देखना यह है—क्या प्रशासन खुद अपने घर को संभालेगा या फिर यूं ही व्यवस्था का मजाक उड़ता रहेगा?




