सी एम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर सख्ती।

¢सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर सख्ती*
*भोपाल संभाग ब्यूरो रामस्वरूप वर्मा*
कलेक्टर. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले विभागों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि गत रिपोर्ट में सीएम हेल्पलाइन में बॉटम-5 में शामिल विभागों पर 2-2 हजार रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।
बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे सार्थक एप पर नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करें। साथ ही संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए गए कि जाति एवं आय प्रमाण पत्रों की प्रविष्टियां संकल्प से समाधान पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने उपार्जन कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी एसडीएम एवं तहसीलदार उपार्जन केंद्रों का सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी खाद गोदामों का फिजिकल वेरिफिकेशन कराने के भी निर्देश दिए, जिससे किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




