नगर पंचायत बिश्रामपुर वार्ड 12 में गंदगी का अंबार, बदहाल सफाई व्यवस्था से त्रस्त लोग।
चुनावी वादे भूले जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत की लापरवाही पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा।

नगर पंचायत बिश्रामपुर वार्ड 12 में गंदगी का अंबार, बदहाल सफाई व्यवस्था से त्रस्त लोग।
चुनावी वादे भूले जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत की लापरवाही पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा।
कोयलांचल नगरी बिश्रामपुर के वार्ड क्रमांक 12 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। वार्ड के कई इलाकों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे आसपास के वातावरण में बदबू और गंदगी फैल गई है। इस बदतर स्थिति से वार्डवासी बेहद परेशान हैं और नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण इलाके में मच्छरों और मक्खियों का आतंक बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा भी लगातार मंडरा रहा है। खुले में पड़े कचरे को आवारा पशु खा रहे हैं, जिससे उनके बीमार होने की आशंका भी बनी हुई है। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
वार्डवासियों ने इस लापरवाही की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों ने साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब वे वादे हवा हो चुके हैं। नगर पंचायत द्वारा सफाई कार्य के लिए निविदा जारी किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर काम अधूरा और ढिलाई भरा दिखाई दे रहा है।
लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण वार्ड की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। वार्डवासियों ने नगर पंचायत से तत्काल सफाई अभियान चलाकर नियमित कचरा उठाव और स्वच्छता व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।



