नगर पालिका में चल रहे धरने के पांचवें दिन महिलाओं ने भजन कर दिया समर्थन
नगर पालिका में चल रहे धरने के पांचवें दिन महिलाओं ने भजन कर दिया समर्थन

नगर पालिका में चल रहे धरने के पांचवें दिन महिलाओं ने भजन कर दिया समर्थन
MP दर्पण न्यूज़ नेपानगर कुणाल दशोरे रिपोर्टर
नेपानगर। नगर में विकास कार्यों एवं लंबित निर्माण कार्यों को लेकर नगर पालिका परिषद के सामने चल रहे धरने के पांचवें दिन नगर की महिलाओं ने अनोखे अंदाज में अपना समर्थन व्यक्त किया। महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर मां दुर्गा का स्मरण करते हुए आंदोलन को समर्थन दिया और नगर के विकास कार्य जल्द शुरू होने की प्रार्थना की।
जानकारी देते हुए वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद योगिता पाटिल ने बताया कि नगर पालिका परिषद में निर्माण कार्यों में हो रही लापरवाही और लंबे समय से लंबित पड़े कार्यों को लेकर 9 मार्च से धरना दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज दिनांक तक जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस जवाब प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे नगरवासियों में निराशा और आक्रोश है।
उन्होंने बताया कि धरने के माध्यम से हमारी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
निर्माण कार्यों में हो रही लापरवाही तुरंत बंद की जाए।
प्रस्तावित निर्माण कार्यों को जल्द जमीन स्तर पर शुरू किया जाए।
सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में शुरू होकर पूर्ण किए जाएं।
पीआईसी और परिषद की बैठकों में स्वीकृत निर्माण कार्यों की फाइल बनाकर समय पर तकनीकी स्वीकृति ली जाए।
बाबा साहब आंबेडकर चौराहा से रेलवे स्टेशन तक पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाए।
रेलवे गेट से रानी दुर्गावती चौक तक सीसी रोड का निर्माण किया जाए।
नेपा मिल से होते हुए 7 नंबर तक पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाए।
7 नंबर गेट पर शहीद सीताराम यादव स्वागत द्वार का नवीनीकरण किया जाए।
नगर में सरदार भगत सिंह, महात्मा गांधी और रानी दुर्गावती की प्रतिमाएं स्थापित की जाएं।
पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 08 पोल एवं हाई मास्क लाइट लगाई जाए।
इसके अलावा नगर के अन्य आवश्यक निर्माण कार्य भी शीघ्र पूर्ण करवाने की मांग की जा रही है। धरने के पांचवें दिन महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर मां दुर्गा से प्रार्थना की कि प्रशासन को सद्बुद्धि मिले और नगर के विकास कार्य जल्द शुरू किए जाएं।
पार्षद योगिता पाटिल ने कहा कि यदि जल्द ही निर्माण कार्यों को लेकर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो यह आंदोलन आगे और तेज किया जाएगा।




