
रोटी बैंक बैतूल के 1622वें दिन दिवंगत सदस्य राकेश लाजीवार के जन्मदिवस पर सेवा कार्य, रेलवे स्टेशन पर जरूरतमंदों को कराया गया भोजन
बैतूल। रोटी बैंक परिवार बैतूल का सेवा कारवां निरंतर आगे बढ़ता जा रहा है। सेवा के 1622वें दिन की शुभ बेला पर रोटी बैंक के दिवंगत सम्मानित सदस्य स्वर्गीय श्री राकेश लाजीवार के जन्मदिवस के अवसर पर विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कृष्णलता मरकाम, वार्डन कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास चिलौर, विकासखंड भीमपुर द्वारा बैतूल शहर के रेलवे स्टेशन परिसर में निःशुल्क भोजन वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत काम की तलाश में भटकते मजदूरों, पेट की आग बुझाने के लिए इधर-उधर घूम रहे जरूरतमंदों, दिव्यांगजनों एवं साधु-संतों को ससम्मान भोजन कराया गया।
रोटी बैंक परिवार बैतूल ने श्रीमती कृष्णलता मरकाम द्वारा स्वर्गीय श्री राकेश लाजीवार के जन्मदिवस पर किए गए इस पुनीत एवं मानव सेवा से ओत-प्रोत कार्य के लिए उनका हार्दिक अभिनंदन किया। रोटी बैंक परिवार का संकल्प है कि शहर में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। दिन के समय किसी तरह भोजन मिल जाता है, लेकिन रात में कई लोग भोजन की प्रतीक्षा करते रहते हैं—ऐसे लोगों तक भोजन पहुंचाना ही रोटी बैंक का मुख्य उद्देश्य है।
रोटी बैंक परिवार ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस मानव सेवा के अभियान में अपनी सहभागिता देकर पुण्य लाभ अर्जित करें।
“भूखों की आस, रोटी बैंक पर विश्वास”




