रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर सीहोर में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, कुबेरश्वर धाम का किया गया स्थल निरीक्षण
14 से 20 फरवरी तक होने वाले महोत्सव में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर सीहोर में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, कुबेरश्वर धाम का किया गया स्थल निरीक्षण
14 से 20 फरवरी तक होने वाले महोत्सव में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
MP दर्पण के लिए सीहोर से स्टेड हेड भारती राजपूत की रिपोर्ट
आगामी रुद्राक्ष महोत्सव 2026 की व्यापक तैयारियों को लेकर मंगलवार को सर्किट हाउस, सीहोर में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक, देहात जोन, भोपाल श्री अभय सिंह एवं भोपाल संभाग के आयुक्त श्री संजीव सिंह ने की। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक देहात रेंज श्री राजेश चंदेल, कलेक्टर श्री बालागुरु, पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कुबेरश्वर धाम के पंडित श्री प्रदीप मिश्रा तथा विठ्ठलेश सेवा समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में 14 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक ग्राम चितावलिया हेमा स्थित कुबेरश्वर धाम में आयोजित होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान पार्किंग, यातायात, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश, संचार सुविधा एवं श्रद्धालुओं की मूलभूत आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
100 एकड़ में बनेगी पार्किंग, विशेष कॉरिडोर से मिलेगी आपात सेवाओं को सुगमता
15 जनवरी से 15 मार्च तक रुद्राक्ष वितरण रहेगा पूर्णतःबंद
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों के अनुसार कुबेरश्वर धाम के समीप 100 एकड़ भूमि वाहन पार्किंग के लिए उपलब्ध कराई जाएगी, वहीं बसों की पार्किंग हेतु हाईवे किनारे 5 एकड़ भूमि पृथक से आरक्षित रहेगी। अमलाहा कट प्वाइंट पर अतिक्रमण हटाकर डायवर्जन मार्ग को शीघ्र चौड़ा करने के निर्देश दिए गए।
भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश-निकास मार्गों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, वॉच टावर, पुलिस कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र एवं पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कथा पंडाल में अग्नि सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन निकास और अस्थायी गैंगवे बनाए जाएंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत प्राथमिक उपचार केंद्र, एम्बुलेंस, मेडिकल टीम की तैनाती तथा भोजन पंडाल के समीप स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। भोजन वितरण के लिए तीन कतारों की व्यवस्था की जाएगी तथा गुणवत्ता की नियमित जांच होगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आपातकालीन सेवाओं की त्वरित पहुंच के लिए धाम परिसर में विशेष कॉरिडोर स्थापित करने पर सहमति बनी। साथ ही मोबाइल नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त टावर एवं डेडिकेटेड इंटरनेट लाइन की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विठ्ठलेश सेवा समिति द्वारा 15 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक रुद्राक्ष वितरण पूर्णतः बंद रखा जाएगा, जिसका लिखित पत्र समिति द्वारा प्रस्तुत किया गया।
बैठक के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक श्री अभय सिंह एवं संभागीय आयुक्त श्री संजीव सिंह ने कुबेरश्वर धाम का स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।




