7/8 बलरामपुर खदान चालू करने की मांग तेज, कोयला मजदूर सभा ने आंदोलन का ऐलान
7/8 बलरामपुर खदान चालू करने की मांग तेज, कोयला मजदूर सभा ने आंदोलन का ऐलान

7/8 बलरामपुर खदान चालू करने की मांग तेज, कोयला मजदूर सभा ने आंदोलन का ऐलान
एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र अंतर्गत 7/8 बलरामपुर खदान को चालू किए जाने की मांग को लेकर कोयला मजदूर सभा (HMS) ने आंदोलन तेज कर दिया है। सभा की ओर से इस संबंध में क्षेत्रीय महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपते हुए चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी गई है। संगठन का कहना है कि खदान बंद रहने से सैकड़ों मजदूरों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
कोयला मजदूर सभा के महामंत्री देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि इस विषय में पूर्व में भी प्रबंधन को कई बार अवगत कराया जा चुका है। 11 दिसंबर और 23 दिसंबर 2025 को पत्र भेजे गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। मजदूरों की अनदेखी से उनमें गहरा रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के अनुसार, पहले चरण में 9 जनवरी को सुबह 10 बजे से एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यदि इसके बाद भी 16 जनवरी तक 7/8 बलरामपुर खदान चालू नहीं की जाती है, तो 16 जनवरी से 23 जनवरी तक क्रमिक भूख हड़ताल की जाएगी। इसके बावजूद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 23 जनवरी को शाम 4 बजे से आमरण अनशन शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
मजदूर सभा का कहना है कि खदान चालू होने से न केवल मजदूरों को नियमित रोजगार मिलेगा, बल्कि उत्पादन बढ़ने से कंपनी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा। संगठन ने प्रबंधन से अपील की है कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए समय रहते सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
सभा ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा, लेकिन यदि मजदूरों की मांगों को नजरअंदाज किया गया तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। अब सभी की निगाहें एसईसीएल प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
बिश्रामपुर से अभय पांडे की विशेष रिपोर्ट




