
चिचोली तहसील कार्यालय में पटवारियों की समस्याओं को लेकर बैठक सम्पन्न
पटवारियों की मांगों पर गंभीर चर्चा, सार्थक ऐप और जीपीएस प्रणाली पर आपत्ति
चिचोली में जिला पटवारी संघ के नेतृत्व में तहसील कार्यालय में तहसील अंतर्गत सभी हल्का नंबर के पटवारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार प्रेम सिंह दिवान, संरक्षक जितेंद्र पंवार, पटवारी संघ जिलाध्यक्ष अवधेश वर्मा, सचिव सुभाष पंवार, हरिओम चौरे तथा तहसील अध्यक्ष सहदेव गंगारे उपस्थित रहे। आगामी समय में भोपाल में मुख्यमंत्री के समक्ष राज्य स्तरीय पटवारी सम्मेलन के आयोजन को लेकर चर्चा कर प्रारूप तैयार किया गया।
बैठक में सार्थक ऐप के बहिष्कार, नवीन नियुक्त पटवारियों को 100 प्रतिशत वेतन और समय पर 1 से 5 तारीख के बीच भुगतान, सप्ताह में एक दिन अन्य विभागीय कार्यों से छूट, अतिरिक्त प्रभार से मुक्ति, रविवार अवकाश, तथा जमीन बंटवारा व नपाई के दौरान पुलिस सुरक्षा जैसी प्रमुख मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष मोरध्वज टिकमे, नेपाल मानकर, विजय राठौर, तेजस्विनी वामनकर, जयोति बघेल, कैलाश मालवीय सहित अन्य पटवारी उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष अवधेश वर्मा ने कहा कि सार्थक ऐप जीपीएस सिस्टम पर आधारित है, जिसमें हाजिरी दर्ज करने के लिए निर्धारित स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होता है, जिससे अवागमन में परेशानी बढ़ेगी। वहीं, कई क्षेत्रों में नेटवर्क न होने से ऐप का संचालन संभव नहीं है। इन तकनीकी बाधाओं सहित अन्य समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
संरक्षक जितेंद्र पंवार ने कहा कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय पटवारी सम्मेलन में संघ के मुद्दों को प्रभावी रूप से रखा जाएगा और संगठन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।




