धावड़ा गाँव में एक साल से बिजली ठप
ट्रांसफार्मर जलने के बाद नहीं हुआ नया ट्रांसफार्मर स्थापित

धावड़ा गाँव में एक साल से बिजली ठप
ट्रांसफार्मर जलने के बाद नहीं हुआ नया ट्रांसफार्मर स्थापित
भीमपुर:बैतूल जिले के भीमपुर क्षेत्र के ग्राम धावड़ा (१४) में पिछले एक वर्ष से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार गाँव में लगा ट्रांसफार्मर करीब एक साल पहले जल गया था, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। इससे पूरे गाँव में अंधेरा छाया हुआ है और लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि हनुमान मंदिर के पास लगा ट्रांसफार्मर जलने से गाँव की लगभग 25 डीपी लाइनें बंद पड़ी हैं। खेतों की मोटरें नहीं चल पा रहीं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रोजमर्रा की ज़रूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं।
ग्रामवासियों — घोटेलाल, तुलसीराम, बलिराम, लालजी, चुनिया, मनुलाल, काल्या और मतिराम — ने बताया कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग, भीमपुर से मांग की है कि शीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगवाया जाए, ताकि गाँव में बिजली आपूर्ति बहाल हो सके और लोगों को राहत मिले।




