चिचोली में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू
101 बीएलओ और 10 सुपरवाइजर जुटे कार्य में

चिचोली में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू
- 101 बीएलओ और 10 सुपरवाइजर जुटे कार्य में
चिचोली (घोड़ाडोंगरी):मध्यप्रदेश निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य चिचोली तहसील में तेजी से चल रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन तथा विधानसभा 132 घोड़ाडोंगरी के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) श्री आर. प्रपंज एवं तहसीलदार/एईआरओ श्री प्रेमसिंह दीवान के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
चिचोली के उत्कृष्ट विद्यालय में बनाए गए नियंत्रण कक्ष में 101 बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और 10 सुपरवाइजर मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं मैपिंग कार्य में जुटे हैं। इस अभियान के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची से लेकर 2025 की सूची तक का तुलनात्मक अध्ययन (मैपिंग) किया जा रहा है।
अभियान के दौरान 1 जनवरी 2026 की स्थिति के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं, नवविवाहित जोड़ों एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं, जबकि मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नामों को हटाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
कार्य का पहला चरण पूर्ण हो चुका है। अब द्वितीय चरण में बीएलओ, सुपरवाइजर, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर वास्तविक मतदाताओं का सत्यापन करेंगी और आवश्यक फॉर्म भरवाकर नई मतदाता सूची के लिए डेटा तैयार करेंगी।
यह मैदानी कार्य लगभग चार माह तक चलेगा, जिसके बाद 7 फरवरी 2026 को शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची का निर्वाचन आयोग द्वारा प्रकाशन किया जाएगा।
अधिकारियों ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व आम मतदाताओं से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किया जा सके।




