राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि में नारी शक्ति की भूमिका अहम: केंद्रीय राज्य मंत्री श्री उइके
अतिथियों ने राष्ट्रीय पोषण माह के तहत व्यंजन प्रदर्शनी और स्वास्थ्य शिविर का किया अवलोकन

राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि में नारी शक्ति की भूमिका अहम: केंद्रीय राज्य मंत्री श्री उइके
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेहरा में आयोजित शिविर में 178 ग्रामों की महिला और बालिकाओं ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
अतिथियों ने राष्ट्रीय पोषण माह के तहत व्यंजन प्रदर्शनी और स्वास्थ्य शिविर का किया अवलोकन
जिले में “स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार” अभियान 17 सितंबर से प्रारंभ किया गया है, जो आगामी 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलेगा। बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेहरा में अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर में शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय जनजातीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उइके, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती इमलाबाई जावलकर उपस्थित रहे। सर्वप्रथम अतिथियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र समक्ष द्वीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान अतिथियों ने राष्ट्रीय पोषण माह के तहत व्यंजन प्रदर्शनी और स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर श्री नीतू पटेल, सरपंच श्री रामचन्द्र मोगरकरी, श्री नितिन बारस्कर, सरपंच सूरगांव श्रीमती मीनाक्षी ठाकरे, जनपद पंचायत सदस्य श्री कैलाश सोनी एवं श्री पर्वतराव धोटे उपस्थित रहे।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री उइके ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि में नारी शक्ति की भूमिका अति महत्वपूर्ण है। व्यक्ति से लेकर परिवार और समाज से लेकर विश्व निर्माण तक, नारी ही संस्कृति, परंपरा और संस्कारों की संवाहक रही है। “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के माध्यम से हम एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं और बालिकाएं स्वस्थ होंगी तो परिवार मजबूत बनेगा और मजबूत परिवार ही राष्ट्र की असली शक्ति होता है। उन्होंने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने और सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। महिलाएं स्वस्थ रहेगी तो घर-परिवार में रौनक रहेगी और समाज समृद्ध बनेगा। साथ ही आने वाली पीड़ी भी स्वस्थ रहेगी। इसी उद्देश्य से मध्य प्रदेश शासन द्वारा 17 सितंबर से शुरु होकर 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जी की जयंती तक “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से इस अभियान से जुड़कर लाभ लेने की बात कही।
सीएमएचओ डॉ मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान 17 सितम्बर 2025 से 2 अक्टूबर 2025 तक पूरे जिले में संचालित किया जा रहा है। शिविर की जानकारी देते हुये बताया कि विकासखंड सेहरा के अंतर्गत 178 गांवों की बेटिया एवं महिलाओं का शिविर में चिकित्सीय परीक्षण एवं आवश्यक जाचं की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौती की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, किशोरियों में पोषण व एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उक्त रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग, एनीमिया, यकृत मिशन अंतर्गत जांच, क्षय रोग, कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ समुदाय की सक्रिय भागदारी सुनिश्चित कर जन आंदोलन के रूप में आयोजन किया जा रहा है। डॉ हुरमाड़े ने अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान करना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना, समुदाय में पोषण, स्वच्छता एवं स्वस्थ्य जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना, गैर संचारी रोगों के प्रति जागरूकता एवं समय पर पहचान कर जटिलताओं से बचाव करना, संचारी रोग जैसे क्षय उन्मूलन व कुष्ठ उन्मूलन में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना, स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ाकर रक्त एवं रक्त उत्पादों की सतत उपलब्धता तथा एचआईवी-एड्स एवं हेपेटाईटिस बी जैसे घातक रोगों से बचाव। इस अभियान से एनीमिया की दर में कमी आएगी, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी, महिला एवं किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ेगी और सबसे महत्वपूर्ण स्वस्थ नारी के माध्यम से सशक्त परिवार और समृद्ध समाज का निर्माण होगा।
शिविर में 1582 पंजीयन किए
खंड चिकित्सा अधिकारी अधिकारी डॉ केदार सिंह जाटव ने बताया कि शिविर में कुल 1582 पंजीयन किए गए। हीमोग्लोबिन जांच 636, सिकल सेल स्क्रीनिंग 407, बीपी जांच 543, शुगर जांच 493, दंत रोग 62, टीबी स्क्रीनिंग 80, नेत्र रोग 141, स्त्री रोग 74, नेत्र मोतियाबिंद 22, एएनसी 48, मानसिक रोग 62, हाईरिस्क माता 5, एक्स-रे 16, टीबी एक्स-रे 5 की जांच एवं उपचार किया गया। निक्षय आईडी 80 बनाई गई। स्वास्थ्य शिविर में जिला चिकित्सा्लय बैतूल की विशेषज्ञों की टीम द्वारा जांच एवं परीक्षण किया गया। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ भावना कवड़कर द्वारा स्कूली छात्राओं एवं महिलाओं का परीक्षण किया गया एवं परामर्श दिया गया।
शिविर में जिले से जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश परिहार, डीपीएम डॉ विनोद शाक्य, डीसीएम, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेहरा के चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीईई, आरबीएसके चिकित्सक, नर्सिग स्टाफ, लेब टेक्नीशियन, सुपरवाईजर, एपीएम शहरी क्षेत्र, एएनएम, आशा आदि उपस्थित रहे। 25 सितम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चिचोली में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।




