अनुग्रह सहायता राशि का प्रकरण लंबित रखने पर तहसील कार्यालय के बाबू पर कार्यवाही, 5 दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्या

अनुग्रह सहायता राशि का प्रकरण लंबित रखने पर तहसील कार्यालय के बाबू पर कार्यवाही, 5 दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्या

कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया। जनसुनवाई में मुलताई तहसील के ग्राम गेहूं बारसा निवासी जगदीश सूर्यवंशी ने आवेदन के माध्यम से अनुग्रह सहायता राशि दिलाए जाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में बारिश के चलते उनका मकान गिर गया है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदक की व्यथा सुन कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने गंभीरता पूर्वक प्रकरण की जांच की। जिसमें मुलताई तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू की लापरवाही से अनुग्रह सहायता राशि नहीं मिलना पाया गया। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने लापरवाह बाबू के पांच दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश मुलताई तहसीलदार को देते हुए शीघ्र सहायता राशि दिलाए जाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 135 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में मुलताई तहसील के ग्राम सावंगी निवासी रसना सूर्यवंशी ने आवेदन के माध्यम से बताया कि बैतूल इटारसी रोड स्थित निजी स्कूल में उन्होंने शिक्षिका के रूप में जॉइनिंग ली थी, जिसके लिए उन्होंने डिपॉजिट भी जमा किया था। सितंबर से अप्रैल माह की अवधि तक का मानदेय सहित डिपॉजिट की राशि 22 हजार 333 रुपए स्कूल संचालक द्वारा अब तक नहीं दिए गए हैं। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने श्रम विभाग के अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में शाहपुर तहसील के ग्राम भौंरा निवासी दीपक महोबिया ने आवेदन के माध्यम से भाइयों द्वारा स्वयं की जमीन पर प्रधानमंत्री आवास नहीं बनाने दिए जाने की शिकायत की। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने शाहपुर तहसीलदार को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।




